संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *

𝐘𝐚𝐦𝐮𝐧𝐚𝐧𝐚𝐠𝐚𝐫 𝐍𝐞𝐰𝐬 : धुंध के मौसम में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस सक्रिय

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने 10 राइडर बाइकों को जिले के विभिन्न रूटों पर किया रवाना यमुनानगर CITY LIFE HARYANA  ||   पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मानन…

चित्र

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने 10 राइडर बाइकों को जिले के विभिन्न रूटों पर किया रवाना






यमुनानगर CITY LIFE HARYANA  ||   पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय पुलिस महानिदेशक हरियाणा ओ.पी. सिंह के दिशा-निर्देश अनुसार जिला यमुनानगर में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल द्वारा आज 10 राइडर बाइकों को जिले के विभिन्न रूटों पर रवाना किया गया है। यह राइडर टीमें धुंध और कोहरे के मौसम को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से तैनात की गई हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सके और आमजन को सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।


पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है और इसके साथ ही सड़कों पर घना कोहरा भी दिखाई देने लगा है। कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावनाएं कई गुना बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा गया है कि बड़े वाहन चलते-चलते अचानक खराब हो जाते हैं और सड़क के बीचो-बीच खड़े हो जाते हैं। ऐसे समय पर पीछे से आने वाले वाहन चालकों को खराब वाहन दिखाई नहीं देता और उनका वाहन सीधे उस रुके हुए बड़े वाहन के नीचे घुस जाता है, जिससे गंभीर दुर्घटना हो जाती है। कई बार ऐसी दुर्घटनाओं में चालक सहित अन्य लोगों की मौत तक हो जाती है।




इसी जोखिम को ध्यान में रखते हुए राइडर टीमों को जिम्मेदारी दी गई है कि वह सक्रिय रहकर किसी भी खराब वाहन की स्थिति में तुरंत सुरक्षा प्रबंधन करें। सभी राइडर बाइकों को वायरलेस सेट, रिफ्लेक्टर जैकेट, बार लाइटें तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों से लैस किया गया है, जिससे वे अंधेरे और कोहरे में भी दूर से दिखाई दे सकें और सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर सकें।



पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी राइडरों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि सड़क पर कहीं कोई वाहन खराब मिलता है, तो वे तुरंत उस वाहन के पीछे सुरक्षा ट्रायंगल लगाकर वहां मौजूद रहेंगे, जब तक कि वाहन को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचा दिया जाता या वह सही न हो जाए। यह कदम इसलिए आवश्यक है ताकि पीछे से आने वाले वाहन इस खराब वाहन को पहले ही देख सकें और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।


इसके अलावा राइडर टीमों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सड़क पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, दुर्घटना, जाम या अन्य स्थिति की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को दें और मौके पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। ये टीमें हाईवे, मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से गश्त करेंगी ताकि कोहरे के मौसम में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और भी अधिक मजबूत बनी रहे।


पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे कोहरे में यात्रा करते समय लो-बीन हेडलाइट का प्रयोग करें, वाहन की गति नियंत्रित रखें और खराब वाहनों से दूरी बनाकर सावधानीपूर्वक आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। धुंध और कोहरे के इस मौसम में राइडर टीमों की तैनाती निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाएगी और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी।


https://ift.tt/Uvmsb2N

आपको ये पोस्ट पसंद आ सकती हैं

टिप्पणियाँ